Breaking News

उन्नाव रेप कांडः रायबरेली में ट्रक-कार की टक्कर, चाची और वकील की मौत, पीड़िता गंभीर

0

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई है. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, इसमें उन्नाव रेप केस की पीड़िता समेत कुल तीन लोग सवार थे. रेप पीड़िता की चाची और वकील की जान चली गई. जबकि रेप पीड़िता को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. गौरतलब है कि इस मामले में उन्नाव के स्थानीय विधायक कुलदीप सेंगर आरोपी हैं.

बताया जा रहा है कि उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के चाचा जेल में बंद हैं. चाचा से मिलने के लिए पीड़िता, उसकी चाची और वकील महेंद्र सिंह रायबरेली जेल जा रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी.

गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है. यह हादसा रायबरेली के अतरुआ गांव में हुआ है. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को फौरन अस्पताल भेजा.

गौरतलब है कि पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उन्नाव के बांगरमऊ से विधायक कुलदीप सेंगर ने उसके साथ चार जून, 2017 को अपने आवास पर दुष्कर्म किया, जहां वह अपने एक रिश्तेदार के साथ नौकरी मांगने के लिए गई थी.

कुलदीप के खिलाफ उन्नाव के माखी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376, 506 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. शासन ने इस आदेश में इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा की थी, जिसे एजेंसी ने स्वीकार कर लिया था.

बता दें कि कुलदीप सेंगर बांगरमऊ से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक और उन्नाव के चर्चित दुष्कर्म मामले के आरोपी हैं. कुलदीप उन्नाव के अलग-अलग विधानसभा सीटों से चार बार से लगातार विधायक हैं.

>

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

error: Content is protected !!