Breaking News

रीवा-सीधी मार्ग पर बस और बल्कर की भीषण भिड़ंत,पांच यात्रियों की मौत,16 घायल

0

तीन घायलों की हालत गंभीर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख*
मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख व घायलों को एक-एक लाख रुपये सहायता की घोषणा*
रीवा से सीधी के बीच गुढ क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर आगे बदवार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य 13 यात्रियों की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी-19 पी-1501 की एक बल्कर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री_ने_जताया_गहरा_दुख
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के स्वजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इसके साथ ही दुर्घटना में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।
कमिश्नर_कलेक्टर_और_एसपी_पहुंचे_घटनास्थल
हादसे की जानकारी मिलते ही रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।

इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने संजय गांधी चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
भीषण हादसे के बाद रीवा-सीधी मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

>

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

error: Content is protected !!