ऑपरेशन जनजागरूकता में चेक पॉइंट प्रभारी एवं टीम की कार्रवाई, ₹2.21 लाख राजस्व वसूल
सिंगरौली। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों और श्रमिकों के परिवहन के विरुद्ध ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत सघन जांच अभियान चलाया। सुलियरी माइंस–माड़ा मार्ग पर चेक पॉइंट प्रभारी एवं टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की।
जांच के दौरान कई मालवाहक पिकअप वाहनों में यात्रियों और लेबर को असुरक्षित एवं अवैध रूप से ले जाते पाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि मालवाहक वाहन यात्रियों के परिवहन के लिए नहीं हैं और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई करते हुए ₹2,21,000 का राजस्व वसूल किया गया। बिना दस्तावेज, परमिट, फिटनेस और लाइसेंस के वाहन संचालन, ओवरलोडिंग, खुले में मिट्टी, गिट्टी, कोयला व फ्लाई ऐश परिवहन तथा बिना बिल्टी-रॉयल्टी के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा के तहत RTO चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि अवैध यात्री परिवहन और अन्य उल्लंघनों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।