सिंगरौली में शासकीय भूमि धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव जिला अस्पताल से फरार
सिंगरौली में शासकीय भूमि धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव जिला अस्पताल से फरार
हो गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाना था, लेकिन मेडिकल जांच के दौरान उसने बीमारी का बहाना बनाया और रातभर अस्पताल में भर्ती रहा।
शुक्रवार सुबह वह शौचालय जाने के बहाने गया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की तलाश में कोतवाली और मोरवा पुलिस की टीमें जुटी हैं। लापरवाही बरतने पर एएसआई गुलाब प्रसाद बहोरोलिया और आरक्षक श्यामबाबू सिंह को निलंबित कर लाइन अटैच किया गया है।
मामला मोरवा थाना क्षेत्र के कतरिहार गांव से जुड़ा है, जहां शासकीय भूमि खसरा नंबर 356 में हेराफेरी और 4.470 हेक्टेयर जमीन फर्जी तरीके से दर्ज करने का आरोप है। जांच के बाद 2015 में आरोपी पर धोखाधड़ी सहित धाराओं में केस दर्ज हुआ था।